
हनुमानगढ़। बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टाउन के सुभाष चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन बेबी ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पीसीसी सदस्य भुपेन्द्र चौधरी ने कहा कि आज आम आदमी महंगाई की मार से पूरी तरह त्रस्त हो चुका है। रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब आम आदमी आसानी से गैस सिलेंडर भरवा लेता था, लेकिन आज हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग सिलेंडर लेने से पहले कई बार सोचने को मजबूर हैं। चौधरी ने आरोप लगाया कि सरकार आमजन की समस्याओं से पूरी तरह बेखबर है और महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है।
ब्लॉक अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन बेबी ने अपने संबोधन में कहा कि एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि शहर में कई स्थानों पर गैस की समय पर आपूर्ति नहीं हो रही, जिससे लोगों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और बढ़ती कीमतों पर तुरंत नियंत्रण किया जाए, अन्यथा कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर और बड़ा आंदोलन करेगी।
पंचायत समिति के पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़ ने कहा कि महंगाई ने गांव से लेकर शहर तक हर वर्ग को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि खाद्य सामग्री से लेकर पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर तक हर चीज महंगी हो चुकी है। इससे किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों की स्थिति बेहद कठिन हो गई है। उन्होंने सरकार से जनहित में ठोस कदम उठाने की मांग की।
वहीं पंचायत समिति के पूर्व प्रधान जयदेव भीड़ासरा ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आज जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई पर नियंत्रण करने के बजाय सरकार केवल घोषणाएं कर रही है, जिससे आमजन को कोई राहत नहीं मिल रही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन को और तेज करेंगे।
पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गुरमीत चन्दड़ा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से आम जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि महंगाई और गैस किल्लत जैसे मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के हित में संघर्ष करने का आह्वान किया।
अंत में पूर्व उपसभापति अनिल खिचड़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आमजन के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और जब तक जनता को राहत नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान पीसीसी सदस्य भुपेन्द्र चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन बेबी, देहात ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिद्धू, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गुरमीत चन्दड़ा, पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़, पूर्व प्रधान जयदेव भीड़ासरा, पूर्व उपसभापति अनिल खिचड़, मनमोहन सोनी, अश्विनी पारीक, जाकिर हुसैन कयामखानी, कृष्ण नेहरा, चन्दन मोंगा, इशाक चायनान, रोहित स्वामी, मनोज सैनी, विजेन्द्र संाई, बलराज सिंह सतीपुरा, मान सिंह शाक्य, रामली लाल, अरविन्द पूनियां, डॉ. केके शर्मा, विकास रांगेरा, अमजद प्रधान, विकास सैनी, रोहित जावा, भगवानदास गुप्ता, रेवताराम पटवारी, मदीना बानो, छगन जैन, प्रकाश जैन, जेपी गोदारा, दयाराम शर्मा, भी देग, राधेराम, नवदीपसिंह राणा, लोकेन्द्र सिंह भाटी, जाकिर टाक, करणी सिंह राठौड़, अरूण कुक्कड़, आसीम अली, मुश्ताक अली, अरशद खान, यूनस, समीर, इमरान, ताज, सलीम, विशाल, सूनील, मोनू सहित कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया और प्रशासन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजने की बात भी कही।
