
हनुमानगढ़। जिले के गांव नवा स्थित नादिरशाह की दरगाह पर ईद-उल-फितर का पावन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एकत्रित होकर सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा की। नमाज के दौरान अमन, चैन और भाईचारे की दुआएं मांगी गईं, वहीं देश और प्रदेश की खुशहाली के लिए भी विशेष प्रार्थना की गई।
नमाज के पश्चात लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। इस दौरान दरगाह परिसर में खासा उत्साह और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। छोटे-बड़े सभी ने इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया और परंपराओं का निर्वहन किया।
इस मौके पर भाजपा नेता जसप्रीत सिंह सिधू जेपी भी दरगाह पहुंचे और मुस्लिम समुदाय के लोगों को ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ईद का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का प्रतीक है। ऐसे त्यौहार समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और सभी को मिलजुलकर रहने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में सभी धर्मों के लोग आपसी सद्भाव के साथ रहते हैं, जो कि समाज की सबसे बड़ी ताकत है। इस प्रकार के आयोजन सामाजिक एकता को और मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सरपंच सफी मोहम्मद, मौल्लाना शोकिन, मोहम्मद अली, दुले ख़ान, अज़हर ख़ान, इमरान ख़ान, मूसा खान, हाफिज ग़ुलाम, दरगाह युवा कमेटी सदस्य उपस्थिति रहे और पूरे क्षेत्र में शांति एवं उत्साह का वातावरण बना रहा।
