
हनुमानगढ़। ऐतिहासिक माता भद्रकाली मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले के चौथे दिन रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं और पूरा वातावरण जयकारों से गूंज उठा।
भारत क्लब ने भंडारे में रविवार को एक विशेष आयोजन किया।
हनुमानगढ़ सेवा समिति (भारत क्लब) द्वारा नवरात्रि के पहले दिन से चलाए जा रहे भंडारे में रविवार को एक विशेष आयोजन किया गया। समाजसेवी अनिल बंसल, जितेंद्र जिंदल और विनोद कुमार ने अपने परिवार के साथ 101 कन्याओं का पूजन कर भंडारे का शुभारंभ किया। इसके बाद हजारों श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर सहयोग शक्ति संस्थान की प्रेरणा पाहुजा, पूर्वा पाहुजा, चहक गांधी, नेहा शर्मा, नेहा गर्ग और डॉ. शिप्रा शर्मा सहित कई महिलाओं ने मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने सेवा समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। समिति के पदाधिकारियों ने इन अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
समिति अध्यक्ष मदन गोपाल जिंदल के नेतृत्व में रामकुमार मंगवाना, सुनील धुड़िया, अनिल जिंदल, अजय शर्मा, गणेश बागड़ी, विनोद गर्ग, सुरेश अग्रवाल और बजरंग सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। वे लगातार श्रद्धालुओं की सेवा में लगे हुए हैं।
इसी कड़ी में हनुमानगढ़ साइकिल क्लब के सदस्य भी साइकिल यात्रा करते हुए माता के दरबार पहुंचे। भारत क्लब के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर न्यायाधीश अमित कड़वासरा और वरिष्ठ पत्रकार बालकृष्ण थरेजा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी अतिथियों को साफा पहनाकर सम्मानित किया गया।
