
IPL का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू हो रहा है। पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
सीजन शुरू होने से पहले ही 10 खिलाड़ी या तो पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं या शुरुआती मैचों में उपलब्ध नहीं रहेंगे।
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने आकाश दीप की जगह सौरभ दुबे को टीम में शामिल किया है, जबकि हर्षित राणा और मथीशा पथिराना के रिप्लेसमेंट का अब तक ऐलान नहीं हुआ है।
वहीं, राजस्थान रॉयल्स ने सैम करन की जगह दसुन शनाका को टीम से जोड़ा है।KKR ने सौरभ दुबे को आकाश की जगह शामिल किया कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने IPL 2026 के लिए सौरभ दुबे को टीम में शामिल किया है। 28 साल के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज दुबे, आकाश दीप की जगह लेंगे। आकाश चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं।
सौरभ दुबे विदर्भ के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद टीम का हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन अभी तक IPL में डेब्यू नहीं कर पाए हैं। पूर्व राष्ट्रीय चयनकर्ता सुब्रतो बनर्जी ने दुबे को प्रतिभाशाली गेंदबाज बताया।
उन्होंने कहा कि दुबे गेंद से स्विंग कराने के साथ पिच से अतिरिक्त उछाल भी हासिल करते हैं। बनर्जी ने 2019 में राहुल द्रविड़ के साथ बांग्लादेश दौरे के दौरान उन्हें करीब से देखा था, जब वे ACC इमर्जिंग टीम्स एशिया कप टीम में थे।
