
हनुमानगढ़। श्री गुरु रविदास सेवा समिति द्वारा गंगानगर-हनुमानगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद कुलदीप इंदौरा के हनुमानगढ़ आगमन पर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समिति के अध्यक्ष रामपाल जाटव, सचिव विजयपाल सिंह एवं कोषाध्यक्ष राजेंद्र मांडिया के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने सांसद को सरोपा पहनाकर सम्मानित किया और क्षेत्रीय समस्याओं से अवगत करवाया।
कार्यक्रम के दौरान समिति पदाधिकारियों ने सांसद के समक्ष समिति प्रांगण में निर्मित गुरु रविदास सामुदायिक भवन की वर्तमान स्थिति को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि यह भवन दलित एवं पिछड़े वर्ग के साथ-साथ अन्य समाजों के सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यहां कई छात्र भी निवास करते हैं, लेकिन भवन के कमरे काफी पुराने और जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं।
समिति सचिव विजयपाल सिंह ने विशेष रूप से बताया कि सामुदायिक भवन में बने बाथरूम और शौचालयों की स्थिति अत्यंत दयनीय है, जिससे यहां रहने वाले विद्यार्थियों और आने वाले लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सांसद से आग्रह किया कि सांसद निधि (कोटा) से आवश्यक फंड उपलब्ध करवाकर भवन के नवीनीकरण एवं मरम्मत कार्य को शीघ्र पूरा करवाया जाए।
इस पर सांसद कुलदीप इंदौरा ने समिति की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन सामाजिक समरसता और जनसेवा का केंद्र होता है, इसलिए इसके विकास में हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संबंधित विभाग से समन्वय कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए भवन के निर्माण और मरम्मत कार्य को जल्द पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में समिति के पदाधिकारियों ने सांसद का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि उनके सहयोग से सामुदायिक भवन शीघ्र ही बेहतर सुविधाओं के साथ तैयार होगा, जिससे समाज के सभी वर्गों को लाभ मिल सकेगा।
