
हनुमानगढ़ । टाउन में ऐतिहासिक भटनेर दुर्ग के समीप बरकत कॉलोनी स्थित फाटक गौशाला में आज यूथ वीरांगनाओं द्वारा गोवंश सेवा का अनुकरणीय कार्य किया गया। इस अवसर पर गोवंश के लिए सवामणी की समुचित व्यवस्था की गई, जिसमें सभी वीरांगनाओं ने स्वयं अपने हाथों से गोवंश को सवामणी खिलाकर पशु सेवा के प्रति समाज को सकारात्मक और प्रेरणादायी संदेश दिया।
सेवा कार्यक्रम के दौरान यूथ वीरांगनायें संगीता ने बताया कि यूथ वीरांगनाओं का मुख्य उद्देश्य मानव सेवा के साथ-साथ बेजुबान पशुओं की सेवा करना भी है। फाटक गोशाला में जो बीमार,एक्सिडेंटल, असहाय गोवंश है उनकी आज सेवा कर मन को बहुत सकुंन मिला,उन्होंने कहा कि जीव-जंतुओं की सेवा करना प्रत्येक मानव का नैतिक कर्तव्य है और इसी भावना को आत्मसात करते हुए आज सभी वीरांगनाओं ने अपने-अपने सामर्थ्य के अनुसार सहयोग कर गोवंश के लिए सवामणी की व्यवस्था की।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे सेवा कार्य न केवल पशुओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में करुणा, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करते हैं। गौसेवा जैसे कार्य युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस सेवा कार्यक्रम में यूथ वीरांगनायें रजनी,मीनाक्षी, भावना, संगीता, कंचन ,एशना, सरोज सहित अन्य वीरांगनाएं उपस्थित रहीं।
गौशाला अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने यूथ वीरांगनाओं की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
