
श्रीगंगानगर । अंतरराष्ट्रीय मातृ पृथ्वी दिवस के अवसर पर राजधानी जयपुर में आज व्यापक जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। सेंट्रल पार्क में प्रातःकाल बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी एकत्रित हुए और पृथ्वी संरक्षण का संदेश दिया।
भारत सेवा संस्थान, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स तथा अखिल विश्व गायत्री परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्काउट-गाइड के बच्चों ने पार्क में बिखरी पॉलीथिन एवं अन्य कचरे को एकत्रित किया। अभियान के दौरान करीब पचास बोरों में कचरा संग्रहित कर स्वच्छता का उदाहरण प्रस्तुत किया गया। युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।कार्यक्रम के दौरान निकाली गई जनजागरूकता रैली में शामिल बच्चे और युवा हाथों में तख्तियां लेकर नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण के संदेश देते नजर आए।इस अवसर पर नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान भी संचालित किया गया। सेंट्रल पार्क के गेट नंबर पांच पर नशा मुक्ति प्रदर्शनी लगाई गई, जहां गायत्री परिवार के प्रहलाद शर्मा, मनु महाराज, धर्मसिंह चौधरी, विनोद पारीक एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने आमजन को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान गांधी साहित्य का वितरण किया गया।पौधारोपण किया गया तथा परिंडे वितरित कर जीव-जंतुओं के संरक्षण का संदेश दिया गया। उपस्थित जनसमूह ने पृथ्वी को सुरक्षित और स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।भारत सेवा संस्थान के अध्यक्ष राजीव अरोड़ा, सचिव जी.एस. बाफना तथा राजस्थान प्रदेश नशा मुक्ति समिति के अध्यक्ष धर्म वीर कटेवा ने संयुक्त रूप से कहा कि पृथ्वी हमारा सांझा घर है और इसकी रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विनय बापना, राजन चौधरी, केएन सिंह, मंजू बापना, कुसुम जैन, प्रो.शालिनी सिंह, विशम्बर शर्मा, दीपक धीर, एडवोकेट शेरसिंह महला, जयनारायण सैनी, डीपी शर्मा स्काउट गाइड, डॉ जोहेब नकवी, एलडी शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की सराहनीय भागीदारी रही।
