
हनुमानगढ़ । शहर के नई आबादी क्षेत्र में हुए चोरी के मामले में पुलिस द्वारा अब तक ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से आक्रोशित अरोड़वंश सभा (रजि.) हनुमानगढ़ ने रविवार को टाउन थानाधिकारी को अध्यक्ष रामलुभाया तिन्ना व सचिव सतीश छाबड़ा के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और शीघ्र कार्रवाई की मांग की। सभा के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड नंबर 29, गली नंबर 18 निवासी राजीव कुमार सिडाना के घर में 21 अप्रैल 2026 को दिनदहाड़े चोरी की वारदात हुई थी। घटना के समय प्रार्थी अपनी दुकान पर था और घर बंद था। दोपहर के समय पड़ोसी द्वारा सूचना मिलने पर जब वह घर पहुंचा तो नीचे के दरवाजे की प्लाई खुली मिली। बाद में ऊपर जाकर देखा तो कमरे के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी गायब थी।
पीड़ित द्वारा 22 अप्रैल को पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन में एफआईआर दर्ज करवाई गई, जिसमें सोने के टोप्स, अंगूठियां, बालियां, चांदी के सिक्के, करीब 20-25 हजार रुपये नकद और गुल्लक में रखी राशि चोरी होना बताया गया। आसपास के लोगों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को गली में घूमते और घर में प्रवेश करते हुए देखने की जानकारी दी। वहीं पंचायती धर्मशाला के सीसीटीवी कैमरों में भी संदिग्ध की गतिविधियां कैद होना बताया गया है।
इसके बावजूद कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से समाज में रोष व्याप्त है। अरोड़वंश सभा के सचिव सतीश छाबड़ा ने कहा कि पीड़ित द्वारा सभी आवश्यक साक्ष्य और जानकारी पुलिस को उपलब्ध करवाई जा चुकी है, लेकिन जांच की गति बेहद धीमी है।
सभा ने थानाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाए तथा चोरी हुआ सामान बरामद किया जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज के सभा के अध्यक्ष राम लुभाया तीनां सचिव सतीश कुमार छाबड़ा कोषाध्यक्ष कृष्ण लाल मदन सभा के पूर्व अध्यक्ष सतीश कुमार कटारिया युवा रोड वंश के अध्यक्ष विकास डोडा भूपेंद्र चुग दीपक धुडिया राजीव छोडा दीपक कटारिया सुरेंद्र कटपाल कश्मीरी लाल छाबड़ा सुशील ग्रोवर संदीप छाबड़ा सुशील चावला सहित कई सदस्य मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में न्याय दिलाने की मांग उठाई।
