
श्रीगंगानगर। जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न खरीद एजेंसियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि एफसीआई, तिलम संघ, एनसीसीएफ तथा आरएसएफसीएससी द्वारा खरीद शुरू होने से पूर्व सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कृषि उपज मंडी समिति अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि वे खरीद से संबंधित सभी तैयारियां पूर्ण रखें, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में बारदाना उपलब्धता, परिवहन, उठाव एवं भंडारण सहित सभी व्यवस्थाओं को समय पर दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में जानकारी दी गई कि केंद्र सरकार द्वारा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से 150 रुपए प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जाएगा। इस प्रकार किसानों को कुल 2735 रुपए प्रति क्विंटल का लाभ मिलेगा। जिले में गेहूं खरीद 30 जून तक की जाएगी।
खाद्य विभाग के पोर्टल पर किसान पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध : गेहूं खरीद के लिए खाद्य विभाग के पोर्टल पर किसान पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। एमएसपी पर खरीद हेतु ऑनलाइन पंजीकरण 1 फरवरी से शुरू हो चुका है, जो 25 जून 2026 तक जारी रहेगा। अधिकारियों ने किसानों से समय पर पंजीकरण कराने की अपील की है। बैठक में एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, एडीएम सतर्कता रीना छींपा, प्रशिक्षु आईएएस अदिति यादव, जिला रसद अधिकारी कविता सिहाग सहित विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
व्यापारियों की मांग से राज्य सरकार को करवाया जाएगा अवगत : बैठक के पश्चात राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ पदाधिकारियों और मंडी व्यापारियों ने जिला कलक्टर से मुलाकात कर समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के दौरान स्लॉट बुकिंग एवं बायोमैट्रिक व्यवस्था हटाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों से राज्य सरकार को अवगत करवाया जाएगा। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर, अतिरिक्त एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, एडीएम सतर्कता रीना, प्रशिक्षु आईएएस अदिति यादव सहित व्यापारी मौजूद थे।
