
हनुमानगढ़। निकटवर्ती गांव लीलावाली में कांग्रेस पार्टी के ‘संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इस जनसभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर का गांव पहुंचने पर मनदीप मान, अमनदीप मान, संदीप मान सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत व अभिनंदन किया।e
जनसभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों को टालना लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि चुनाव समय पर करवाना लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है, लेकिन वर्तमान सरकार इसे कमजोर करने का कार्य कर रही है। मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्षरत रही है और आगे भी यह लड़ाई जारी रहेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए, क्योंकि मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं और उनके सक्रिय सहयोग से ही भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का प्रभावी मुकाबला किया जा सकता है। मक्कासर ने सभी कार्यकर्ताओं से इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाने और आमजन को जागरूक करने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। चुनावों को टालना लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है, जिसे कांग्रेस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
कांग्रेस नेता मनदीप मान ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह समय चुप बैठने का नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने का है। कार्यकर्ताओं को संगठित होकर हर स्तर पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
एआईसीसी सदस्य विरेन्द्र सिंह सिद्धू ने अपने संबोधन में कहा कि ‘संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने का एक जन आंदोलन है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना बेहद जरूरी है। हर कार्यकर्ता को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा, तभी इस अभियान को सफल बनाया जा सकेगा।
जनसभा के अंत में कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर लोकतंत्र की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी पूरे उत्साह के साथ इस अभियान को सफल बनाने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर पूर्व सरपंच तरसेम सिंह, रमनदीप कौर, प्यारा सिंह, सहदेव कबीर, हरविन्द्र खोसा, रिकू सिद्धू रासुवाला, विनोद कुमार,संदीप कंग, बंता सिंह, सुनील धारणिया, डॉ. विजेन्द्र सिंह, रूपिन्द्र सिंह मान, जितेन्द्र लोहरा, गगन बराड़, बलराज सिंह, चरणजीत सिंह, जसवंत खीचड़, गुरतेज सिंह, कुलदीप शर्मा, कृष्ण बिश्नोई, रमी बराड़, सरपंच गुरप्रीत मान, रामचन्द्र चौधरी, सुरेंद्र मारवाल ,अनूप चौधरी ,यश चिलाना ,जयराम ढुकिया,विजय गोंद ,कृष्ण स्वामी ,विनोद गुरुसर, विजय शर्मा, गुरलाल मान, वीरेंद्र गांधी ,दिग्विजय गोदारा, व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
