
हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र में सोमवार को घरेलू गैस सिलेंडर में आग लगने से पांच लोग झुलस गए। इनमें गैस एजेंसी के दो कर्मचारी भी शामिल हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से तीन की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
यह घटना नई आबादी की गली नंबर 2 में हुई। जानकारी के अनुसार, नई आबादी निवासी मुकेश के घर में गैस सिलेंडर से लीकेज की समस्या आ रही थी। मुकेश ने इसकी शिकायत गैस एजेंसी में दर्ज करवाई थी।
शिकायत के बाद एजेंसी के कर्मचारी सोहनलाल और रेशम सिंह सिलेंडर की जांच के लिए मुकेश के घर पहुंचे। जांच के दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आग की चपेट में आकर एजेंसी कर्मचारी सोहनलाल और रेशम सिंह के साथ-साथ गृह स्वामी मुकेश, उनके भाई विनय और भाभी डिंपल झुलस गए। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने घायलों को संभाला और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने बताया कि रेशम सिंह, मुकेश और डिंपल की हालत गंभीर है, जिसके चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा सिलेंडर में गैस लीकेज के कारण हुआ। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
