
हनुमानगढ़। डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर डॉ. आंबेडकर नवयुवक संघ द्वारा एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षकगण, गणमान्य नागरिक एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और युवाओं को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संरक्षक लखपत राय ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त जिला कलेक्टर उमेदीलाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात विभिन्न वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और उनके द्वारा दिए गए संविधान की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर उमेदीलाल ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके द्वारा व्यक्ति अपने जीवन को संवार सकता है और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को चाहिए कि वे अपने लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम करें। उन्होंने शिक्षा की विभिन्न विधाओं पर भी चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को नई-नई जानकारियां दीं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
राजस्थान कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय ने बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने पर जोर देते हुए कहा कि डॉ. आंबेडकर का जीवन हमें संघर्ष, समानता और अधिकारों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाकर समाज के विकास में योगदान दें।
डिस्ट्रिक्ट इंफॉर्मेशन ऑफिसर शैलेंद्र कुमार, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कडेला, सेवानिवृत्त एक्सईएन अमीचंद, सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी सुखमहेंद्र सिंह एवं जिला अधिकारी पन्नालाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बाबा साहेब के जीवन में शिक्षा के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा के माध्यम से अपने जीवन को नई दिशा दी और देश के लिए अमूल्य योगदान दिया।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष मनसुखजीत सिंह ने बताया कि 12 अप्रैल से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कार्यक्रम के दौरान प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए सम्मानित किया गया। इससे बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ।
कार्यक्रम में भंते करुणाशील, बाबा संतोख दास, जसविंदर सिंह (प्रदेश अध्यक्ष, राजस्थान शिक्षक संघ अंबेडकर), त्रिलोकीनाथ (महासचिव), प्रदीप कड़वा, कोषाध्यक्ष हेतराम, पुस्तकालय प्रभारी बहादुर सिंह, सुनील सांवरिया, अमरजीत सिंह, कृष्ण कुमार खन्ना एवं जयराम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर गौतम बुद्ध शिक्षा सदन के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया। बच्चों ने बाबा साहेब के जीवन पर आधारित गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बाबा साहेब के संघर्ष और उनके विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे पूरा वातावरण भावनात्मक और प्रेरणादायक बन गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने और शिक्षा को जीवन का आधार बनाने का संकल्प लिया।
