
हनुमानगढ़ । टाउन की नई आबादी क्षेत्र में आज विकास कार्यों को नई गति मिली, जब वार्ड नंबर 29 की गली नंबर 9, 10 और 11 में नगर परिषद की ओर से सीसी रोड निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वार्ड वासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी सड़कों से अब स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक गणेश राज बंसल रहे। उनके साथ नगर परिषद के पूर्व उपसभापति अनिल खीचड़, पूर्व पार्षद सुशीला खीचड़, अमित माहेश्वरी जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्थानीय लोगों द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस मौके पर पूर्व उपसभापति अनिल खीचड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि नई आबादी की इन तीन गलियों में लगभग 1000 फुट लंबी आरसीसी/सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये सड़कें काफी समय से खराब हालत में थीं, जिससे आमजन को आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। सीसी रोड बनने के बाद क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और लोगों को सुरक्षित व सुगम रास्ता मिलेगा।
उन्होंने बताया कि यह रोड आशा सदन से स्वामी विवेकानंद स्कूल तक (गली नंबर 11), कृष्णा हॉस्पिटल से सिंगला सदन तक (गली नंबर 10) तथा सीसी रोड से बजाज के घर तक बनाई जाएगी। इस कार्य से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को विशेष लाभ होगा।
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व पार्षद सुशीला खीचड़ ने कहा कि वार्ड नंबर 29 में उनके कार्यकाल के दौरान अनेक विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि आगे भी जनता का आशीर्वाद मिलता रहा तो विकास की यह रफ्तार कभी नहीं रुकेगी। इस अवसर पर महेंद्र शर्मा, महेंद्र सोनी, डोली नीरज सिंगला, आनंद जोशी, ओम सोनी, महेंद्र राठौड़, भूप श्योराण, संजय मौर्य, वीरेंद्र वर्मा, रणजीत सिंह, विशाल सिंह, बबली देवी, कृष्णा सोनी, सावित्री सोनी, ममता सोनी, सरोज सोनी, रानी देवी, रमेश, कुलदीप यादव, विनोद जिनागल सहित अनेक वार्डवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के संकल्प के साथ हुआ।
