
हनुमानगढ़। राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली छात्र विष्णु भारती को रविवार को सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में विष्णु ने जिला स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया, वहीं राज्य स्तर पर भी उन्होंने चौथा स्थान हासिल कर हनुमानगढ़ जिले का नाम रोशन किया।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में जय श्री राम सेवा समिति द्वारा विष्णु भारती को लैपटॉप भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्य विजय खत्री, राजीव मिश्रा, पूर्व पार्षद गौरव जैन, ठंडी छांव सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक खन्ना, सुखराम मेहरड़ा और केवल कृष्ण सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने विष्णु की मेहनत, लगन और प्रतिभा की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जानकारी के अनुसार विष्णु भारती वर्तमान में कक्षा ग्यारहवीं के विद्यार्थी हैं और उन्होंने हाल ही में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक क्षमता का भी परिचय दिया है। विष्णु की सफलता इसलिए भी प्रेरणादायक है क्योंकि वे एक अनाथ विद्यार्थी हैं और उनके माता-पिता का साया उनके सिर पर नहीं है। इसके बावजूद उन्होंने कठिन परिस्थितियों में रहकर अपनी पढ़ाई जारी रखी और उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।
जय श्री राम सेवा समिति के सदस्य विजय खत्री ने बताया कि विष्णु जैसे होनहार विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विष्णु में असाधारण प्रतिभा है और सही मार्गदर्शन एवं सहयोग मिलने पर वह भविष्य में बड़ी सफलता हासिल कर सकता है। इसी सोच के तहत समिति ने उसे लैपटॉप भेंट कर उसकी पढ़ाई को और बेहतर बनाने का प्रयास किया है।
समिति सदस्य राजीव मिश्रा ने बताया कि अब से पूर्व यशोदा चौधरी का भी समिति ने सहयोग किया था, जिस कारण पैरा पवार लिफ्टिंग गेम में गोल्ड मेडल प्रापत किया था, ओर आज वह राजकीय अध्यापिका के रूप में सर्विस कर रही है
इस अवसर पर पूर्व पार्षद गौरव जैन ने भी विष्णु भारती की शिक्षा में हर संभव सहयोग देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आर्थिक या पारिवारिक कठिनाइयों के कारण किसी भी प्रतिभा को रुकना नहीं चाहिए, और समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर ऐसे विद्यार्थियों की मदद करनी चाहिए।
विष्णु भारती ने इस सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह भविष्य में आईएएस अधिकारी बनकर समाज और देश की सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग और आशीर्वाद से वह अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेंगे।
