
हनुमानगढ़। डॉ. भीमराव अंबेडकर के जन्म पखवाड़े के उपलक्ष्य में रविवार को गांव रामसरा नारायण की थेड़ी गंगानी में विशाल रक्तदान शिविर एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में सेवा और समरसता की भावना को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गणेशराज बंसल, सरपंच हरदीप सिंह रोड़ीकपूरा, विकास गुप्ता, सामाजिक समरसता मंच के अध्यक्ष रामप्रताप भाट उर्फ प्रकाशनाथ, नायक समाज के प्रदेशाध्यक्ष नारायण नायक, प्रहलाद टाक, भाजपा नेता सुरेन्द्र जलंधरा तथा कांग्रेस उद्योग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र मारवाल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 72 युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्त संग्रहण राजकीय अस्पताल की टीम ने किया। युवाओं में रक्तदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है, जिससे जरूरतमंदों की जान बचाई जा सकती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर ने समाज के वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने में योगदान दें।
सामाजिक समरसता न्याय मंच के अध्यक्ष रामप्रताप भाट उर्फ प्रकाशनाथ ने कहा कि समाज में समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात कर हम एक समरस और सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं।
सरपंच हरदीप सिंह रोड़ीकपूरा व नायक समाज के प्रदेशाध्यक्ष नारायण नायक ने अपने संबोधन में कहा कि सामाजिक एकता और सहयोग के बिना समाज का विकास संभव नहीं है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन लीलाधर टाक ने किया। अंत में आयोजन समिति सदस्य राजेश जिनागल द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया। इस मौके पर राजेश कुमार जिनागल, विनोद, अजय, हरदयाल माहर, गुरदीप धालीवाल, डुगरराम चौपड़ा, जसकरण सिंह, गोकुल जिनागल सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।
