
हनुमानगढ़ में सड़क हादसे में बैंककर्मी की मौत:
हनुमानगढ़ के सतीपुरा बाईपास पर रविवार को हुए सड़क हादसे में एक बैंक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुर्घटना में 2 लोगों को मामूली चोटें भी आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मृतक और घायल सभी लाल चौक स्थित एसबीआई की रीजनल शाखा के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार हादसे में पीलीबंगा निवासी संस्करण (35) की जान चली गई। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल अरुण और मनप्रीत कौर का राजकीय अस्पताल में इलाज जारी है।
हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य किया। एएसआई कैलाशचंद मीणा ने बताया कि सभी बैंककर्मी नोहर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। वे अलग-अलग गाड़ियों में रवाना हुए थे। इनमें से कुछ गाड़ियां भगत सिंह चौक से होते हुए टाउन मार्ग से गईं, जबकि एक गाड़ी सतीपुरा बाईपास के रास्ते निकली। बताया जा रहा है कि कार अरुण चला रहे थे, जिसकी रास्ते में एक ट्रॉले से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया।पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के दौरान संस्करण के नाक से खून बहने लगा था, जिससे उनकी मौत हो गई। टाउन थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
