
हनुमानगढ़। परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में राजस्थान मैथिल ब्राह्मण परिषद, हनुमानगढ़ के तत्वावधान में रविवार को टाउन के वार्ड नंबर 45 स्थित मिथिला कॉलोनी में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः साढ़े सात बजे भगवान परशुराम की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई, जिसमें समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
पंडित बृजकांत झा के सानिध्य में परिषद के अध्यक्ष देवकीनंद चौधरी, महासचिव शिंटू मिश्रा, उपाध्यक्ष अमित मिश्रा, कोषाध्यक्ष मनोज शर्मा, प्रवक्ता संतोष झा, कार्यालय प्रभारी संदीप झा, जंक्शन प्रभारी रामभरोस झा सहित राजीव झा, राजेश चौधरी, गोविंद झा संदीप मिश्रा, राजेश चौधरी, आनंद झा, राहुल चौधरी, नवीन शर्मा, अमित मिश्रा, करण शर्मा, मुरारी शर्मा, गोविन्द झा, रामभरोसे झा, संजय मिश्रा, अनिकेत शर्मा, ओमप्रकाश चौधरी और अरविंद चौधरी ने सामूहिक रूप से भगवान परशुराम का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न हुए इस धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल बना दिया।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने भगवान परशुराम के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे शक्ति, साहस और धर्म के प्रतीक हैं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज को एकजुटता, नैतिकता और सेवा भावना के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।
पूजा-अर्चना के पश्चात समाज की आगामी गतिविधियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि आने वाले समय में समाज के उत्थान, शिक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर विशेष योजनाएं बनाई जाएंगी। इस दौरान समाज के लोगों ने एकजुट होकर भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से करने का संकल्प लिया।
