
श्रीगंगानगर । विनोबा बस्ती स्थित श्री दुर्गा मंदिर प्रबंध समिति की आमसभा में जमकर हंगामा हुआ। नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर प्रबंधन समिति के सदस्यों में बहस शुरू हुई, जो धक्का-मुक्की और गला-पकड़ने तक पहुंच गई। दरअसल, श्री दुर्गा मंदिर प्रबंधक समिति की ओर से समिति के सभी सदस्यों को आगामी कार्यकारिणी के गठन करने के लिए बुलाया था। इस दौरान हंगामा हो गया।
बैठक में नई कमेटी बनाने पर अलग-अलग प्रस्ताव और मत सामने आए। कुछ सदस्यों ने सहमति जताई तो कुछ ने इसका विरोध किया। जब विवाद बढ़ा तो माहौल बिगड़ गया और सदस्य आमने-सामने आ गए। हालांकि, बाद में स्थिति को संभाला गया और बैठक शांतिपूर्वक समाप्त कर दी गई।
मंदिर के लिए फिर से होंगे चुनाव
सर्वसम्मति न बन पाने के कारण प्रबंधक समिति ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है कि मंदिर प्रबंधन के लिए जल्द ही चुनाव कराए जाएंगे। इससे नई कार्यकारिणी का गठन पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से हो सकेगा। चुनाव कार्यक्रम आगामी में दिनों में घोषित किए जाएंगे।
वहीं, इस घटना के बाद शहरवासियों ने मंदिर जैसे पवित्र धार्मिक स्थल पर ऐसी अनुशासनहीनता दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। लोगों ने सभी सदस्यों और श्रद्धालुओं से अपील की कि आपसी मतभेदों को शांति और सहयोग के साथ सुलझाएं, ताकि मंदिर की गरिमा बनी रहे।
