
हनुमानगढ़| ग्राम पंचायत 31 एसएसडब्ल्यू के ग्रामीणों ने गांव में प्रस्तावित पीडब्ल्यूएमयू (ठोस कचरा प्रबंधन) प्लांट के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पंचायत समिति डायरेक्टर करण सिंह गोदारा व पूर्व सरपंच दयाराम गोदारा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्लांट को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह प्लांट गांव के प्रसिद्ध करणी माता मंदिर के पास लगाया जा रहा है।
ज्ञापन में बताया कि करणी माता मंदिर क्षेत्र धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और यहां हर वर्ष मेला लगता है। मेले में राजस्थान व अन्य राज्यों से हजारों श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में मंदिर के पास कचरा प्रबंधन प्लांट स्थापित होने से न केवल श्रद्धालुओं को असुविधा होगी। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट में 30 गांवों का कचरा एकत्रित किया जाएगा। जिससे बदबू-गंदगी बढ़ेगी।
इस मौके पर उपसरपंच माया देवी, पंच सुरेश तरड़, गुड्डी देवी, हंसराज बाजीगर, नाजर मिस्त्री, नत्थूराम स्वामी, रमेश गोदारा, रोहिताश गोदारा, जयदेव गोदारा, सेवक सिंह भुल्लर, संदीप गोदारा, हेतराम वर्मा, राजेंद्र घोड़ेला, साहबराम बावरी, देवीलाल, सतपाल सिंह मौजूद थे।
