
श्रीगंगानगर। जिला पुलिस के प्रत्येक सदस्य ने अपना एक दिन का वेतन देकर पुलिस इंस्पेक्टर ज्योति नायक की बेटी की आर्थिक मदद की है। इस तरह से जुटाए गए 28 लाख रुपए का चेक एसपी हरी शंकर ने मंगलवार को दिवंगत इंस्पेक्टर ज्योति के कुंज विहार स्थित आवास पर जाकर उनकी बेटी को सौंपा। उल्लेखनीय है कि 11 फरवरी की अल सुबह 4 बजे पी ब्लॉक में गश्त चेकिंग के दौरान सड़क हादसे में इंस्पेक्टर ज्योति का निधन हो गया था।
इंस्पेक्टर ज्योति की इकलौती बेटी को शिक्षा और उज्जवल भविष्य के लिए चिंतन के लिए 16 फरवरी को पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों व कर्मियों की बैठक हुई थी। जिला स्तरीय स्टाफ काउंसिल बैठक में सहानुभूति, संवेदना एवं सांत्वना स्वरूप उनकी इकलौती बेटी की आर्थिक मदद का निर्णय लिया गया था। आर्थिक सहायता का चेक सौंपे जाने के दौरान इंस्पेक्टर ज्योति के पिता, आईपीएस विशाल जांगिड़, एएसपी रघुवीर शर्मा व लेखाधिकारी दीप सिंह भी मौजूद थे।
