
श्रीगंगानगर। जिले में भू जल डेटा एवं हेलिबोर्न भू-भौतिकीय सर्वेक्षण निष्कर्षों का प्रसार विषय एवं सेम समस्या के संबंध में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यशाला आयोजित की गई। केंद्रीय भूमि जल बोर्ड, पश्चिमी क्षेत्र जयपुर की ओर से जल संसाधन प्रबंधन एवं योजना निर्माण के उद्देश्य से आयोजित कार्यशाला में सेम समस्या के संबंध में भी विस्तार से चर्चा हुई। अध्यक्षता कलेक्टर डॉ. मंजू ने की। इसमें केंद्रीय भूमि जल बोर्ड के डॉ. केपी सिंह, वैज्ञानिक ‘डी’ ने हेलिबोर्न भू-भौतिकीय सर्वेक्षण से प्राप्त जानकारी के आधार पर विस्तृत जानकारी दी।
हेलिबोर्न भू-भौतिकीय सर्वेक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने पूरे जिले के भू जल पोटेंशियल ड्रिलिंग साइट्स एवं मैनेजमेंट एक्युफर रीचार्ज साइट्स की जानकारी साझा की। साथ ही जिले में सेम की समस्या के समाधान के लिए बनने वाली डीपीआर से संबधी टीओआर पर विभिन्न विभागों से चर्चा की। कलेक्टर डॉ. मंजू ने केंद्रीय भूमि जल बोर्ड की ओर से किए गए अध्ययन की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य की जल प्रबंधन योजनाओं के लिए डेटा आधारित योजना निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
सर्वेक्षण रिपोर्ट्स का किया विमोचन: श्रीगंगानगर जिले के 9 ब्लॉक के लिए तैयार हेलिबोर्न भू भौतिकीय सर्वेक्षण रिपोर्टों का विमोचन कलेक्टर डॉ. मंजू, एसपी हरिशंकर, एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, गंगानगर एसडीएम नयन गौतम ने किया। इस अवसर पर डॉ. केपी सिंह वैज्ञानिक ‘डी‘ केंद्रीय भूमि जल बोर्ड, पश्चिमी क्षेत्र, जयपुर, अधीक्षण अभियंता जल संसाधन विभाग धीरज चावला, अधिशासी अभियंता नगरपरिषद मंगत सेतिया, संयुक्त निदेशक कृषि विभाग सुरजीत कुमार, प्रभारी भू-जल भू-जल विभाग वैज्ञानिक बरकत अली, जिला रसायनज्ञ जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग प्रभा बंसल, तकनीकी सहायक भू-जल विभाग अमित नारायण, सुमित कुमार आदि उपस्थित रहे।
