
हनुमानगढ़ । जंक्शन स्थित मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी एक ईमेल के जरिए दी गई थी। एहतियात के तौर पर तत्काल पोस्ट ऑफिस परिसर को खाली करा लिया गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा घेरा बना लिया।
डाक विभाग के अधिकारियों को एक संदिग्ध ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें भवन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने बिना किसी देरी के पूरे परिसर को खाली करवा दिया और इसकी जानकारी पुलिस को दी।
पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की जंक्शन थाना प्रभारी सहित पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। पुलिस टीम ने पोस्ट ऑफिस परिसर की सघन तलाशी ली। संभावित खतरे को टालने के लिए बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के हर पहलू से जांच की जा रही है। संदिग्ध ईमेल की तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि भेजने वाले की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की कोई सूचना नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे परिसर की बारीकी से जांच जारी है।
एक ही महीने में दूसरी बार मिली धमकी उल्लेखनीय है कि 10 मार्च को भी इसी पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। यह दूसरी बार है जब डाकघर को ऐसी धमकी मिली है। पुलिस ने कहा है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। साइबर टीम की मदद से ईमेल की जांच की जा रही है। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
