
हनुमानगढ़। स्थानीय श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक, अबोहर रोड, हनुमानगढ़ जंक्शन में आयोजित महिंद्रा प्राइड क्लासरूम के रोजगारयोग्यता कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन प्रेरक माहौल में हुआ। इस अवसर पर वीरा हनुमानगढ़ की अध्यक्षा एवं कैम्ब्रिज संस्थान की संचालिका कंचन गुप्ता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीकी कौशल से युक्त युवतियों को आत्मविश्वास के साथ प्रोफेशनल दुनिया में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में कौशल विकास और आत्मविश्वास सफलता की कुंजी हैं।
नंदी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक पूजा ने एक सप्ताह तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक छात्राओं को रोजगारोन्मुख कौशल, आत्मविश्वास और पेशेवर जीवन की तैयारी से संबंधित प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को संचार कौशल, कार्यात्मक अंग्रेजी, व्यवहारिक कौशल (सॉफ्ट स्किल), व्यक्तित्व विकास, प्रस्तुति कौशल, टीम वर्क, समय प्रबंधन तथा साक्षात्कार की तैयारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं खुशी, लक्ष्मी, मीनाक्षी और शक्ति को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में तेरापंथ आंचलिक समिति के महामंत्री ऋषभ चोरड़िया ने निपुण विशेषज्ञ के रूप में छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ प्रभावी ढंग से बोलने की कला का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया, जबकि राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रवक्ता जसवंत कुमावत ने रोजगार और अभिव्यक्ति के क्षेत्र में आधुनिक एआई टूल्स की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक के शैक्षणिक निदेशक आनंद जैन ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को कॉर्पोरेट जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने और बेहतर रोजगार अवसर प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान की प्राचार्या दिव्या शर्मा ने इस सफल आयोजन के लिए महिंद्रा समूह, नंदी फाउंडेशन तथा बेबी हैप्पी मॉडर्न कॉलेज का आभार व्यक्त किया।
