
हनुमानगढ़। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) आने वाले समय में मजबूती के साथ सत्ता में काबिज होगी, इसके लिए पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाना जरूरी है। यह बात बसपा की जिला समीक्षा बैठक में शनिवार को किसान भवन, हनुमानगढ़ जंक्शन में मुख्य अतिथि केंद्रीय प्रभारी सीपी सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल चुनाव से पहले बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद जनता की समस्याओं को अनदेखा कर देते हैं। ऐसे में आमजन के हितों की सच्ची चिंता केवल बसपा ही करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जिले से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और अधिक से अधिक बैठकें आयोजित कर पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार करें।
सीपी सिंह ने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में ‘बहन जी’ के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाना आवश्यक है, ताकि लोगों को बसपा की कार्यशैली और जनहितकारी नीतियों की सही जानकारी मिल सके।
बैठक में अति विशिष्ट अतिथि सीताराम सीला ने कहा कि हमारे महापुरुषों ने समाज को जागरूक करने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उसी प्रकार हमें भी बसपा की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा कभी भी बहुजन समाज का भला नहीं कर सकतीं, जबकि बसपा ही समाज के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
अति विशिष्ट अतिथि अमर सिंह बंशीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि बसपा महापुरुषों की विचारधारा पर आधारित पार्टी है और इसे मजबूत करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी का प्रचार करने और पंचायत से लेकर लोकसभा चुनाव तक जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
जोन प्रभारी पुखराज मेघवाल व जिलाध्यक्ष महावीर सहजीपुरा ने कहा कि जब तक बहुजन समाज पार्टी देश और प्रदेश की सत्ता में नहीं आएगी, तब तक समाज का वास्तविक विकास संभव नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए सक्रिय रूप से संगठन को मजबूत करने की अपील की, ताकि राजस्थान में भी बसपा के प्रत्याशी विजयी होकर समाज में हो रहे अन्याय और अत्याचार को समाप्त कर सकें।
बैठक के दौरान प्रेम कुमार नायक, राधेश्याम सुडा और संजय वाल्मीकि सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए और संगठन को सशक्त बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मांगीलाल रैगर, कालूराम पाटीर, रामगोपाल परिहार, सुरेंद्र परिहार, संदीप पाटीर, शंकर नायक, जेठाराम मैहरड़ा, हनुमान रैगर, ताराचंद परिहार, चंद्रशेखर खुडिवाल, बनवारी नायक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में सभी ने एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने और आने वाले चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।
