
हनुमानगढ़ ।जंक्शन क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित सतीपुरा ओवरब्रिज का निर्माण कार्य एक बार फिर शुरू हो गया है। लंबे समय से ठप पड़े इस काम के दोबारा शुरू होने से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है, हालांकि बार-बार समय सीमा टूटने के कारण उनका भरोसा भी कमजोर पड़ा है। वर्तमान में पुल के आसपास सर्विस रोड का निर्माण कार्य शुरू किया गया है।
सर्विस रोड न बनने से सतीपुरा और आसपास के क्षेत्र के लोग लगातार धूल उड़ने और वाहन सवारों को परेशानी झेलने की शिकायत कर रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, पुल का मुख्य निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब सर्विस रोड के साथ-साथ पुल के ऊपर डाइवर्जन बनाने जैसे काम बाकी हैं। जानकारों का मानना है कि यह काम अधिक समय का नहीं है, फिर भी इसमें लगातार देरी हो रही है।इस लंबे समय से चल रहे निर्माण कार्य के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रैफिक डायवर्जन और सड़कों की खराब स्थिति के कारण रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है। आसपास के व्यापारियों का कहना है कि इस अधूरे काम ने उनके कारोबार पर भी नकारात्मक असर डाला है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पिछले कई वर्षों से यह ओवरब्रिज अधूरा पड़ा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पहले पुल के डिजाइन को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी थी, लेकिन अब निर्माण पूरा होने की उम्मीद जगी है।
इस ओवरब्रिज का निर्माण कार्य वर्ष 2018 में शुरू हुआ था और इसे मार्च 2020 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि, बजट की कमी, ठेकेदार की लापरवाही और विभिन्न प्रशासनिक कारणों से यह परियोजना लगातार विलंबित होती गई।
