
हनुमानगढ़। राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) द्वारा आयोजित ‘राजसखी मेला-2026’ का रविवार को जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने अवलोकन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर उनके उत्पादों की सराहना की।
कलेक्टर डॉ. यादव ने मेले में प्रत्येक स्टॉल पर जाकर महिलाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया, लागत, बिक्री मूल्य और मार्केटिंग के तरीकों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने और बाजार की मांग के अनुसार नवाचार करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. यादव ने कहा कि ऐसे मेले ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं न केवल अपने परिवार की आय बढ़ा रही हैं, बल्कि समाज में अपनी एक अलग पहचान भी स्थापित कर रही हैं।
कलेक्टर ने जोर दिया कि इस तरह के आयोजनों से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे उद्यमिता की ओर अग्रसर होती हैं। मेले में शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और हस्तशिल्प, घरेलू उत्पादों व पारंपरिक व्यंजनों की खरीदारी की।
