
हनुमानगढ़ । जिले की भादरा थाना पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का पर्दाफाश किया है। गिरो के 4 सदस्यों को पुलिस ने दबोचा है। इस गिरोह ने शादी का झांसा देकर 5 लाख रुपए नकद और जेवर ठगे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिसार निवासी दलवीर उर्फ धर्मबीर (55), पूजा (19), उषा (40) और सुनीता (37) के तौर पर हुई है। ये सभी हरियाणा के हिसार क्षेत्र के रहने वाले हैं।
शादी का झांसा देकर बनाते थे शिकार पुलिस के अनुसार, यह गिरोह शादी का झांसा देकर लाखों रुपए और जेवर ठगता था। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दलवीर उर्फ धर्मबीर और उसके साथियों ने शादी करवाने के नाम पर 5 लाख रुपए मांगे थे। बातचीत के बाद पीड़ित ने करीब 3 लाख रुपए नकद दिए थे।
गहने लेकर दुल्हन हुई फरार 25 मार्च को शादी करवाई गई, जिसमें सोने की अंगूठी और अन्य खर्च भी हुए। शादी के बाद दुल्हन पूजा को लेकर आरोपी भादरा पहुंचे, लेकिन कुछ ही समय बाद वह अपने साथियों के साथ फरार हो गई। बाद में आरोपियों ने फोन कर शेष राशि की मांग की और धमकी भी दी। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने दबोचे आरोपी मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी नरेंद्र सिंह मीणा के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि यह गिरोह योजनाबद्ध तरीके से शादी कर ठगी करता है। पुलिस ने तकनीकी और मुखबिरों की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की जांच जारी है। गौरतलब है कि जिले में इस तरह के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। मार्च माह में हनुमानगढ़ सदर थाना में भी ऐसे दो मामले दर्ज हुए थे।
