
हनुमानगढ़।हनुमानगढ़ में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को विशेष अभियान चलाया। टाउन-जंक्शन मार्ग पर घग्घर नदी पुल पर नाकाबंदी कर दोपहिया वाहन चालकों की सघन जांच की गई। यह कार्रवाई ट्रैफिक थाना प्रभारी अनिल चिंदा के नेतृत्व में हुई।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले करीब 7-8 वाहनों को जब्त (सीज) किया।
इसके अतिरिक्त, नाकाबंदी में करीब 40 से 45 ऐसे दोपहिया वाहन चालकों के चालान काटे गए, जो बिना हेलमेट गाड़ी चला रहे थे। पुलिस टीम ने इन चालकों को मौके पर ही रोककर हेलमेट की अनिवार्यता और उसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
थाना प्रभारी अनिल चिंदा ने बताया कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जान की सुरक्षा के लिए पहनना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना के दौरान हेलमेट पहनने से सिर में गंभीर चोट लगने की संभावना काफी कम हो जाती है, जिससे जीवन बचाया जा सकता है।
उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
