
हनुमानगढ़। डीडी पंजाबी टीवी चैनल द्वारा आयोजित “किसमें कितना है दम” सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में ग्राम पंचायत पन्नीवाली के प्रतिभाशाली विद्यार्थी विवेक जोशी ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर गांव, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। विवेक जोशी ने तहसील, जिला और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय मंच पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पूरे देश में एकमात्र विजेता बनने पर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई और ग्रामीणों ने इस उपलब्धि को गर्व का क्षण बताया।
दूसरी ओर गांव की बेटियों ने भी शिक्षा के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा 10 की छात्रा शहनाज ने 79.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं प्रतिज्ञा ने 79 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त कर गांव का मान बढ़ाया। बेटियों की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
इन सभी होनहार विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर ग्राम पंचायत प्रशासक सोनू चोपड़ा द्वारा पंचायत स्तर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर विवेक जोशी, शहनाज और प्रतिज्ञा को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा भेंट कर, गुलाल लगाकर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें शिक्षा के प्रति समर्पण बनाए रखने और जीवन में ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रशासक सोनू चोपड़ा ने कहा कि यह क्षण पूरे गांव के लिए अत्यंत गर्व और खुशी का है। उन्होंने कहा कि बच्चों की यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम है। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास सच्चे हों, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। उन्होंने विद्यार्थियों के माता-पिता और गुरुजनों को भी बधाई देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही यह उपलब्धि संभव हो पाई है।
कार्यक्रम में समेंस्ता गोदारा वार्ड पंच, विजेता साहू एएनएम, ओमप्रकाश जोशी, दयाराम गोदारा (एसएसएमसी सदस्य), कश्मीर सिंह, जफर अली, वीरपाल कौर, कृष्ण लाल यादव, इमीलाल सुथार, जरीना, परमजीत कौर, लाजवंती वर्मा सहित अनेक गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
