
हनुमानगढ़। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा के परिणाम घोषित हो गए हैं। जिले में छात्रों के बीच उत्साह का माहौल देखा गया। इस बार साइंस स्ट्रीम का परिणाम बेहतर रहा है, जबकि आर्ट्स में हल्की गिरावट दर्ज की गई है।
जिले में साइंस का परिणाम 97.95 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल के 97.88 प्रतिशत से थोड़ा अधिक है। साइंस स्ट्रीम में कुल 6,713 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 6,671 परीक्षा में शामिल हुए और 6,534 ने सफलता हासिल की।
वहीं, आर्ट्स स्ट्रीम का परिणाम इस बार 97.28 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल के 97.54 प्रतिशत की तुलना में कुछ कम है। आर्ट्स स्ट्रीम में 15,684 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें से 15,523 ने परीक्षा दी और 15,089 विद्यार्थी सफल रहे।
परिणाम घोषित होते ही स्कूलों और घरों में खुशी का माहौल बन गया। कई विद्यार्थियों ने अच्छे अंक हासिल कर अपने परिवार और शिक्षकों का नाम रोशन किया। स्कूलों में मिठाइयां बांटी गईं और सफल छात्रों का सम्मान किया गया।
