
हनुमानगढ़। नगर परिषद् हनुमानगढ़ में कार्यरत सफाई निरीक्षक विनोद कण्डा के खिलाफ सफाई कर्मचारियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए आयुक्त को शिकायत पत्र सौंपा है। वाल्मीकि युवा शक्ति संगठन की ओर से दी गई इस शिकायत में निरीक्षक पर कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार, मानसिक प्रताड़ना तथा डराने-धमकाने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत में युवा नेता निखिल जेदिया व पवन मौर्य ने बताया गया कि विनोद कण्डा लंबे समय से अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। उनके अधीन कार्यरत सफाई कर्मचारियों को जबरन दबाव में रखकर काम करवाया जाता है। विशेष रूप से महिला कर्मचारियों के साथ भी अनुचित व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि निरीक्षक द्वारा यह धमकी दी जाती है कि यदि कोई उनके निर्देशों का पालन नहीं करेगा तो उसका तबादला करवा दिया जाएगा या झूठी शिकायत कर नौकरी से हटवा दिया जाएगा।
शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कचरा उठाने के लिए एनजीओ के माध्यम से लगाए गए ट्रैक्टरों के साथ-साथ निरीक्षक द्वारा निजी ट्रैक्टर भी लगवाए गए हैं, जिनसे आर्थिक लाभ उठाने का आरोप है। इसके अलावा एनजीओ कर्मचारियों की फर्जी उपस्थिति दर्ज कर उनकी सैलरी हड़पने का भी आरोप लगाया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि कोई इस मामले में आवाज उठाने का प्रयास करता है तो उसे धमकाकर चुप करा दिया जाता है।
वाल्मीकि युवा शक्ति के प्रतिनिधि पवन मौर्य ने यह भी दावा किया है कि उनके पास निरीक्षक की ऑडियो क्लिप मौजूद है, जिसमें कर्मचारियों को धमकाते हुए सुना जा सकता है। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित निरीक्षक ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी प्राप्त की और पदोन्नति हासिल की है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार इन घटनाओं से सफाई कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है, लेकिन डर के कारण कोई खुलकर सामने नहीं आ पा रहा। संगठन ने आयुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
इस मौके पर निखिल जेदिया, पवन मौर्या, बादल कंडा, सनी घावरी, नवनीत, वरदान, वीरू, विनोद चिंदलिया, क्रांति,शौकी, पवन व अन्य लोग मौजूद थे।
