
हनुमानगढ़। जंक्शन में पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला एक बार फिर सामने आया है। यह एक महीने के भीतर तीसरी बार है, जब ऐसी धमकी मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस ने परिसर को खाली करवाकर तलाशी अभियान चलाया।
जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां ने बताया कि बम की धमकी मिलने के बाद पोस्ट ऑफिस परिसर खाली करवाया गया। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है। हालांकि, जांच के दौरान अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
इससे पहले भी पोस्ट ऑफिस को निशाना बनाने की धमकी वाले दो ईमेल मिल चुके हैं। राजस्थान के कई जिलों में 10 मार्च और 27 मार्च को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे। इनमें पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालयों को निशाना बनाने की बात कही गई थी।
पुलिस को इन धमकियों के बाद परिसर खाली करवाकर तलाशी अभियान चलाना पड़ा था, लेकिन अब तक सभी घटनाएं फर्जी पाई गई हैं। बार-बार मिल रही इन धमकियों से कर्मचारियों और आमजन में डर का माहौल बना हुआ है, जिससे रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार यह किसी शरारती तत्व या संगठित साइबर गिरोह की करतूत हो सकती है, जिसका उद्देश्य दहशत फैलाना है। साइबर सेल की टीम इन ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
