
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित गुरु हरगोबिंद पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ धार्मिक वातावरण में श्री अखंड पाठ के भोग के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में विद्यालय संस्थापक कश्मीर सिंह भंवरा और जसवंत सिंह ढिल्लों ने विशेष रूप से भाग लेते हुए विद्यार्थियों के लिए अरदास की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ नैतिक और धार्मिक मूल्यों का समावेश अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से हर वर्ष सत्र की शुरुआत धार्मिक कार्यक्रमों से की जाती है, ताकि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच का विकास हो सके।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं तथा उनमें आपसी भाईचारे और सम्मान की भावना विकसित करते हैं। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को एक अच्छा नागरिक बनाने की दिशा में भी प्रयास होना चाहिए।
इस अवसर पर नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का तिलक लगाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। स्कूल स्टाफ ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अनुशासित रहकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं अभिभावक भी मौजूद रहे।
