
हनुमानगढ़ । जिले में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आया है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बादल छाए हुए हैं और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। इससे तापमान में गिरावट आई है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर बुधवार तक बना रहेगा। पूर्वानुमान रिपोर्ट में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 3 अप्रैल को गरज-चमक के साथ फिर से बारिश के आसार हैं, जबकि अन्य दिनों में आंशिक बादल छाए रहने की उम्मीद है।
किसानों की बढ़ी चिंता सोमवार को अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19-20 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। दिनभर बादल छाए रहने के कारण धूप कम रही और तेज हवाओं के चलते ठंडक महसूस की गई।
रबी फसलों की कटाई के बीच मौसम के इस बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिले में गेहूं की फसल कटाई के लिए तैयार खड़ी है, वहीं सरसों की कटाई पहले से ही जारी है। कई किसानों ने सरसों की फसल काटकर खेतों में ढेर लगा रखे हैं।
किसानों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहता है तो फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। कटकर खेतों में पड़ी सरसों भीगने से खराब होने का खतरा है, जबकि तेज हवाओं के कारण खड़ी गेहूं की फसल गिरने की आशंका है। इससे उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा। कृषि विभाग ने भी किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
