
हनुमानगढ़। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रावतसर थाना पुलिस ने 43 किलो डोडा पोस्त तस्करी मामले में एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी पिछले 9 महीने से फरार चल रहा था और उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान संगरिया के ढाबा निवासी लखविंदर सिंह उर्फ लाली के रूप में हुई है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने उसकी लोकेशन ट्रेस की और उसे दबोच लिया।
यह मामला 43 किलो अवैध डोडा पोस्त की तस्करी से संबंधित है, जिसमें लखविंदर सिंह उर्फ लाली मुख्य आरोपी था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य सहयोगियों का पता लगाया जा सके।
