
हनुमानगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे “संगठन बढ़ाओदृलोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत विधानसभा हनुमानगढ़ के देहात एवं शहर ब्लॉक की एक महत्वपूर्ण बैठक हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित पूर्व विधायक चौधरी विनोद कुमार के निवास पर आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनावों की रणनीति तय करने तथा कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में निवर्तमान जिला प्रमुख कविता मेघवाल, पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़, पूर्व प्रधान जयदेव भीड़ासरा, प्रधान प्रतिनिधि कृष्ण जैन, संगठन महामंत्री गुरमीत चंदड़ा तथा शहर ब्लॉक अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन ‘बेबी’ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 7 अप्रैल तक प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगर परिषद के हर वार्ड में 21 सदस्यीय कमेटियों का गठन सुनिश्चित करें, ताकि संगठन की पकड़ और प्रभाव को बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही आगामी चुनावों में जीत की आधारशिला रखेगा।
चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का है और पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता आम जनता के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष करेगा और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनने और समाधान के लिए प्रयास करने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने आगामी पंचायतीराज एवं नगर परिषद चुनावों में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत से जिताने का संकल्प लिया। नेताओं ने कहा कि यदि संगठन मजबूती से कार्य करेगा तो निश्चित रूप से पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।
भूपेन्द्र चौधरी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पंचायत राज एवं नगर निकाय चुनाव समय पर नहीं कराकर लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनावों में देरी करना लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने जैसा है और इससे जनता के अधिकारों का हनन होता है। उन्होंने भाजपा पर लोकतंत्र को कुचलने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।
इसके अलावा उन्होंने बढ़ती महंगाई का मुद्दा भी उठाया। चौधरी ने कहा कि पिछले तीन महीनों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगभग 515 रुपये तक की वृद्धि हुई है, जिससे आमजन और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण आम आदमी का जीवन कठिन होता जा रहा है और सरकार इस पर नियंत्रण करने में विफल रही है।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने, जनहित के मुद्दों को उठाने और चुनावों की तैयारी में जुटने का आह्वान किया गया। इस मौके पर पीसीसी सदस्य प्रेमराज नायक, पूर्व उपप्रधान राजेन्द्र नायक, रोहित स्वामी, मण्डल अध्यक्ष प्रकाश जैन, योगेश चौहान, सरपंच अमर सिंह सिहाग, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रोहित जावा, युथ कांग्रेस अध्यक्ष रणवीर सिहाग, राजेन्द्र तंवर, मण्डल अध्यक्ष अनिल भाम्भू, राजकुमार दुधवाल, पर्यावरण प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष भानीराम बगडिया, पूर्व उपसभापति अनिल खिचड़, सरपंच रोहित स्वामी, देवकरण, अमर सिंह सिहाग,कालूराम गोदारा, नवनीत संधू, जिला परिषद सदस्य हरमंदर सिंह बराड़, सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक, इशाक खान, कृष्ण नेहरा, इन्द्रजीत शर्मा, मोहम्मद सुभान, नेतराम, सरपंच शमशाद, विजय सिंह जांगू, विजेन्द्र संाई, धनश्याम भादू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
