
हनुमानगढ़। सरस्वती कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय का कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम इस वर्ष अत्यंत शानदार रहा। उत्कृष्ट परिणाम आने पर विद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल देखा गया। शुक्रवार को आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षा समिति के सचिव अमरनाथ सिंगला, सहसचिव अनिल बंसल, कोषाध्यक्ष देवेन्द्र बंसल (डिम्पल), प्रिंसीपल प्रेरणा रस्तोगी एवं समस्त स्टाफ ने मेधावी छात्राओं का अभिनंदन किया।
विद्यालय की प्रिंसीपल प्रेरणा रस्तोगी ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय की 17 छात्राएं बालिका प्रोत्साहन पुरूस्कार में चयनित हुई है। 05 छात्राओं ने इतिहास विषय में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त किये है। उन्होने बताया कि कला वर्ग (आर्ट्स) में छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। इस वर्ष नंदिनी ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं राधिका ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रानी ने 90 प्रतिशत अंक हासिल कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा रिया वर्मा, पूजा, विभा, आरती, रिया, सृष्टि, संतोष, गायत्री, महिमा, रोहिणी, रचना, पायल सहित अन्य छात्राओं ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए श्रेष्ठ परिणाम अर्जित किया। विद्यालय परिवार ने सभी सफल छात्राओं को पगड़ी पहनाकर व माला पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर प्रिंसीपल रस्तोगी ने कहा कि छात्राओं की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से यह शानदार परिणाम संभव हो पाया है। उन्होंने छात्राओं को आगे भी इसी प्रकार मेहनत करने और उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में उपस्थित शिक्षा समिति पदाधिकारियों ने भी छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और समाज का गौरव बढ़ा रही हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं को मिठाई वितरित की गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं
