
श्रीगंगानगर। जिले में आज (मंगलवार) सुबह से रिमझिम बारिश जारी है। वहीं, शाम को हाकमाबाद सहित आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि हुई। जिससे मौसम ठंडा हो गया। मौसम विभाग ने आज जिले में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।
मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर के अनुसार मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 18.9°C रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को न्यूनतम 17.7°C और अधिकतम 33.6°C जबकि रविवार को न्यूनतम 16.5°C और अधिकतम 31.1°C दर्ज किया गया था।
ग्रामीण इलाकों में सुबह से रिमझिम बारिश हो रही है।
फसलों को खतरा
आज सुबह से आसमान में घने काले बादल छाए रहे। बादलों की आवाजाही और बिजली चमकना जारी है। जिले में इस समय गेहूं, सरसों और चने की फसल कटाई के लिए तैयार है। बारिश और संभावित ओलावृष्टि से पकी फसलों को नुकसान होने का खतरा है, जिससे किसान चिंतित हैं।
