
हनुमानगढ़। रैड क्रॉस सोसायटी की प्रेरणा से ठाकुर हेमसिंह राठौड़ की 25वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनके परिवार द्वारा सेवा भाव का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर जंक्शन स्थित नवज्योति विशेष विद्यालय में जरूरतमंद बच्चों को भोजन करवाया गया तथा उनके साथ समय बिताकर मानवता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान परिवार के सदस्यों ने बच्चों के साथ आत्मीयता से संवाद किया और उनकी आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया। इस पहल का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देना रहा। विद्यालय के बच्चों ने भी इस स्नेहपूर्ण आयोजन का आनंद लिया और परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व सरपंच श्रवण सिंह राठौड़, करणी सिंह राठौड़, रैड क्रॉस के सदस्य पदम सिंह राठौड़, हर्ष राठौड़, मेजर भुपेन्द्र सिंह राठौड़, परणव राठौड़, सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई और व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। सभी ने मिलकर इस सेवा कार्य को यादगार बनाया।
कार्यक्रम की सराहना करते हुए रैड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, चेयरमैन डॉ. दिनेश जुनेजा ने पदम सिंह राठौड़ एवं उनके परिवार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक होते हैं और अन्य लोगों को भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
रैड़ क्रॉस सोसायटी के सचिव रामनिवास मांडण ने राठौड़ परिवार का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि पुण्यतिथि जैसे अवसरों पर इस तरह के सामाजिक कार्य करना सच्ची श्रद्धांजलि है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने ठाकुर हेमसिंह राठौड़ को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
