
हनुमानगढ़। आईसीएआई की हनुमानगढ़ शाखा द्वारा पीलीबंगा स्थित व्यापार मंडल पब्लिक स्कूल में एक करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या परमजीत कौर ने आईसीएआई टीम का हार्दिक स्वागत करते हुए कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में मुख्य काउंसलर के रूप में सीए गौरव बागला एवं सीए निशांत चुघ ने विद्यार्थियों को चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) पाठ्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सीए कोर्स की संरचना, परीक्षा प्रणाली, विभिन्न चरणों, आर्टिकलशिप तथा इसमें उपलब्ध करियर संभावनाओं पर प्रकाश डाला। साथ ही विद्यार्थियों को यह भी बताया कि सीए बनने के बाद देश और विदेश में रोजगार एवं स्वरोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध होते हैं।
काउंसलर्स ने विद्यार्थियों के सवालों का सरल एवं प्रभावी तरीके से उत्तर देते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति स्पष्टता और मेहनत के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, निरंतर अध्ययन और सही मार्गदर्शन से इस चुनौतीपूर्ण कोर्स को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकता है।
इस अवसर पर आईसीएआई हनुमानगढ़ शाखा की प्रबंध समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। शाखा अध्यक्ष सीए हर्ष जिंदल, सचिव सीए कमल जैन, कोषाध्यक्ष सीए रमण गर्ग, उपाध्यक्ष सीए रमेश कुमार, सीआईसीएएसए अध्यक्ष सीए यश संदीप मित्तल तथा तत्काल पूर्व अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य सीए ललित गर्ग ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने सीए पेशे की प्रतिष्ठा, जिम्मेदारियों और समाज में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में सही करियर का चयन अत्यंत महत्वपूर्ण है और सीए एक ऐसा पेशा है जो न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बनाता है बल्कि समाज में सम्मान भी दिलाता है।
कार्यक्रम के अंत में आईसीएआई हनुमानगढ़ शाखा के सचिव सीए कमल जैन ने विद्यालय प्रशासन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी शाखा द्वारा इस प्रकार के जनोपयोगी एवं मार्गदर्शक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे अपने करियर निर्माण के लिए लाभदायक बताया।
