
हनुमानगढ़। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सशक्त नारी संस्थान द्वारा गांव मक्कासर के गुरूद्वारा साहिब में निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर गुरुद्वारा सिंह सभा, वार्ड नंबर 05, गली नंबर 2 में आयोजित हुआ, जहां सुबह 8 बजे से 10 बजे तक बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। उद्धाटन के मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर, सरपंच बलदेव मक्कासर थे।
शिविर का आयोजन एडवोकेट मित्ताली अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया, जिन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर इस प्रकार के आयोजन समाज के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।
शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सविता सोनी ने महिलाओं से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं पर परामर्श दिया और नियमित जांच की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं जनरल फिजिशियन डॉ. ऋषभ गुप्ता ने सामान्य बीमारियों, मौसमी संक्रमण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में जानकारी दी।
दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अमनदीप गर्ग एवं डॉ. शिवानी गर्ग ने दांतों की सफाई, मसूड़ों की समस्याएं और ओरल हाइजीन से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इसके अलावा डायटीशियन पूजा मित्तल ने संतुलित आहार, पोषण और जीवनशैली सुधार पर परामर्श देकर लोगों को जागरूक किया।
शिविर में रिलाएबल लैब की ओर से शुगर जांच की निःशुल्क सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिसका लाभ बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया। जांच के दौरान कई लोगों को शुरुआती स्तर पर स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी मिली, जिससे समय रहते उपचार संभव हो सकेगा।
मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनीष मक्कासर व सरपंच बलदेव मक्कासर ने इस शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में बहुत आवश्यक हैं, जहां लोगों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हो पातीं। शिविर के दौरान स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष रूप से लोगों को नियमित जांच, स्वच्छता और संतुलित आहार अपनाने की सलाह दी गई।
आयोजन समिति अध्यक्ष व संरक्षक मित्तली अग्रवाल ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया। शिविर के सफल आयोजन में स्थानीय स्वयंसेवकों और संस्था के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस मौके पर अध्यक्ष मित्ताली अग्रवाल, सचिव प्रीति गुप्ता, उपाध्यक्ष निशा मित्तल, प्रचार मंत्री रजनी अग्रवाल, रिंकल गर्ग, अंजलि बंसल, डॉ. अंजू जुनेजा, श्वेता गोयल, श्वेता बब्बर, सुजाता सुखाने, मिली पाठक, बबीता स्वामी, मनजीत कौर, सुखप्रीत एवं शिवानी स्वामी ने शिविर को सफल बनाने में अपना सहयोग दिया।
