
हनुमानगढ़। नोहर के राजकीय उप जिला अस्पताल में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश थमने के दो दिन बाद भी अस्पताल परिसर में बरसाती पानी जमा है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है।
मरीज हो रहे परेशान
करोड़ों रुपये खर्च कर अस्पताल में सुविधाएं बेहतर बनाने के दावों के बावजूद, जमीनी हकीकत अलग है। मरीजों को अस्पताल में प्रवेश के लिए जमा पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे न केवल असुविधा हो रही है, बल्कि संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या हर साल बारिश के मौसम में सामने आती है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था के अभाव में हल्की बारिश में भी पूरा परिसर जलमग्न हो जाता है। हालांकि, इस स्थायी समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
जल्द समाधान की मांग
मरीजों और उनके परिजनों ने प्रशासन से इस समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि अस्पताल जैसी आवश्यक जगह पर इस तरह की अव्यवस्था से मरीजों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
