
हनुमानगढ़ ।बेमौसम आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए भारी नुकसान के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) ने किसानों के लिए तत्काल राहत पैकेज जारी करने की मांग की है। इस संबंध में गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपा गया।
पार्टी जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल ने बताया कि हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से जिले सहित पूरे प्रदेश में रबी फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। गेहूं, चना, सरसों, जौ, राई, जीरा, धनिया, ईसबगोल, तारामीरा और मैथी जैसी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ रहा है।
बेनीवाल ने आरोप लगाया कि सरकारी खरीद एजेंसियां न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर फसल खरीदने में अनावश्यक अड़चनें पैदा कर रही हैं। नमी अधिक होने, दाने छोटे होने और गुणवत्ता में कमी जैसे कारण बताकर खरीद से बचा जा रहा है। इसके चलते किसान अपनी उपज खुले बाजार में कम दामों पर बेचने को मजबूर हो रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि गिरदावरी के निर्देश जारी होने के बावजूद, लगातार खराब मौसम के कारण कई क्षेत्रों में सर्वे कार्य पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में प्रभावित किसानों को राहत मिलने में देरी हो रही है।
आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि गिरदावरी प्रक्रिया का इंतजार किए बिना तुरंत राहत पैकेज जारी किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके। इसके साथ ही, एमएसपी पर खरीद के मानकों में ढील देते हुए गेहूं की शत-प्रतिशत खरीद सुनिश्चित की जाए और सभी प्रकार के प्रतिबंध हटाए जाएं।
इस मौके पर संगठन सचिव राजवीर माली, लीलाधर भाट, गुलशन सोनी, जयपाल स्वामी, सतपाल सोनी, ललित कुमार, मुकेश सेवटा, विजय वर्मा, नरेश कुमार, अजीत झा, करनैल सिंह, गोपाल मेघवाल, सतपाल भाट और साबिर अली सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
