
हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. राधामोहन अग्रवाल एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन राठौड़ से हनुमानगढ़ जिले की ओर से डॉ. भारत भूषण शर्मा ने शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। इस दौरान संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा के साथ-साथ जिले के किसानों से जुड़े अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
डॉ. भारत भूषण शर्मा ने प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराया कि हाल ही में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुई ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं, जिससे उनकी आजीविका पर भी असर पड़ा है। उन्होंने मांग की कि सरकार द्वारा प्रभावित किसानों का सर्वे कर शीघ्र उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
इसके साथ ही उन्होंने गेहूं की सरकारी खरीद व्यवस्था को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मंडियों में खरीद प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों के कारण किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई स्थानों पर स्लॉट बुकिंग, तौल व्यवस्था एवं अन्य प्रक्रियाओं में बाधाएं आ रही हैं, जिससे किसानों को समय पर अपनी उपज बेचने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने आग्रह किया कि गेहूं खरीद प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं सुचारू बनाया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रदेश प्रभारी डॉ. राधामोहन अग्रवाल ने डॉ. शर्मा की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन राठौड़ ने भी कहा कि पार्टी सदैव किसानों के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
मुलाकात के दौरान संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर भी चर्चा की गई। अंत में डॉ. भारत भूषण शर्मा ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और गेहूं खरीद व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा।
