
श्रीगंगानगर। शहर के पास चक 1 एफ छोटी, टेलेवाला के पास प्रस्तावित सॉलिड वेस्ट ट्रांसफर स्टेशन और प्रोसेसिंग प्लांट का विरोध चल रहा है। पोस्टर बैनर लेकर लोग शुक्रवार को सड़कों पर उतर आए। इन पोस्टरों पर लिखा था-प्रस्तावित कचरा प्लांट हटाओ संघर्ष समिति।
विरोध-प्रदर्शन करते हुए लोग कलेक्ट्रेट पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। नगर परिषद के पूर्व सभापति व भाजपा नेता अशोक चांडक भी कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और सड़क पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी कर प्रशासन से प्लांट हटाने की मांग की।
अशोक चांडक ने कहा- प्रस्तावित कचरा प्लांट को हटाने की मांग पर चक गांव में 3 दिन से लोग धरने पर बैठे थे। जिला प्रशासन प्रदर्शनकारियों की सुध लेने नहीं पहुंचा। इसलिए शुक्रवार को गांव वाले कलेक्ट्रेट पहुंचे और विरोध जताया।
उन्होंने कहा- जिला प्रशासन ने 1 एफ छोटी टेलेवाला के मुरब्बा नंबर 18, किला नंबर 16, 17, 24, 25 में सॉलिड वेस्ट ट्रांसफर स्टेशन और प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने की NOC (नॉन ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) जारी कर दी है। इसे जल्द से जल्द रद्द किया जाए।
दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए प्लांट
चांडक ने कहा- प्लांट को चक 1 एफ छोटी की बजाय शहर से बाहर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थापित किया जाए। ताकि आमजन को होने वाली परेशानियों से बचाया जा सके। चांडक ने चेतावनी दी है कि यदि आपत्तियों के बावजूद प्लांट यहां स्थापित किया गया तो मजबूरन उग्र आंदोलन करना पड़ेगा।
ये हैं आपत्तियां
- प्लांट से बदबू, कचरा, धुआं फैलेगा और उड़ता कचरा किसानों के खेतों में जाएगा।
- आसपास रिहायशी इलाका होने से बीमारियां फैलने का खतरा।
- प्लांट के नजदीक शिक्षण संस्थान हैं, जिससे छात्र-छात्राओं पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा।
- किसान चौक पर प्रस्तावित बस स्टैंड भी प्रभावित होगा, क्योंकि कचरे की ट्रालियां वहां से गुजरेंगी।विरोध प्रदर्शन में तख्तियां दिखाते हुए युवक।
