
श्रीगंगानगर। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति अभियान के तहत एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘गीतों का गुलदस्ता’ आयोजित किया जा रहा है।
बैसाखी के अवसर पर सोमवार शाम को शहर की पुरानी धानमंडी में होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर संगीत और कला से जोड़ना है। इसका आयोजन ‘नशा छोड़ें, संगीत से जुड़ें’ थीम पर मनन संगीत कला समिति, सूरतगढ़ द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम प्रभारी राजू जनागल ने शनिवार को बताया कि इस आयोजन में डेजर्ट ऑफ राजस्थान श्याम देव कल्ला और वॉइस ऑफ राजस्थान रुखसाना मिरासी सहित श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, अनूपगढ़ और चूरू जिलों के कई युवा एवं प्रतिभाशाली कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इन प्रस्तुतियों में लोकगीत, सूफी गीत, देशभक्ति गीत और सामाजिक संदेश देने वाले गीत शामिल होंगे। इनका मुख्य लक्ष्य समाज में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाना है।
समिति के मोहम्मद अली ‘कादरी’ ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर उन्हें संगीत और कला के माध्यम से सकारात्मक दिशा में प्रेरित करना है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक वातावरण बनाते हैं और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं। कार्यक्रम प्रभारी ने आमजन से इस जनजागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मौजूद रहने की अपील की है।
