
हनुमानगढ़। नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। रावतसर थाना पुलिस ने हेरोइन तस्करी के एक मामले में वांछित मुख्य सप्लायर को पकड़ा है। इसके अलावा, एक अन्य कार्रवाई में एक युवक को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने लगभग दो साल पुराने 45 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में आठवें आरोपी विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की (39) को गिरफ्तार किया है। विक्की बठिंडा, पंजाब का निवासी है। उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी विक्रमजीत सिंह एक संगठित गिरोह के रूप में हेरोइन की तस्करी करता था और अपने नेटवर्क के माध्यम से अन्य लोगों को भी इसमें शामिल करता था। उसके खिलाफ पंजाब के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, चोरी और एनडीपीएस एक्ट सहित 13 गंभीर मामले दर्ज हैं।
रावतसर थाना पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई करते हुए रावतसर निवासी विनोद (26) को भी गिरफ्तार किया है। उसे गश्त के दौरान संदेह होने पर रोका गया, जिसके बाद उसके पास से 2.07 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी विनोद के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
