
हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय पर सार्वजनिक यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हनुमानगढ़ टाउन और जंक्शन के बीच सिटी बस सेवा तत्काल शुरू करने की प्रमुख मांग उठाई गई।
आप जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल ने बताया कि हनुमानगढ़ टाउन और जंक्शन शहर के दो महत्वपूर्ण हिस्से हैं। जंक्शन क्षेत्र में जिला कलेक्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला परिषद, न्यायालय और परिवहन कार्यालय जैसे प्रमुख सरकारी संस्थान स्थित हैं। वहीं, टाउन क्षेत्र में जिला अस्पताल, नगर परिषद, पंचायत समिति और राजकीय महाविद्यालय सहित कई महत्वपूर्ण कार्यालय हैं।
उन्होंने कहा कि लगभग 15 किलोमीटर लंबे इस क्षेत्र में आमजन के लिए सस्ती और सुगम सार्वजनिक परिवहन सुविधा का अभाव है। पहले जिला अस्पताल से कलेक्ट्रेट और धानमंडी जंक्शन तक सिटी बसों का संचालन होता था, लेकिन यह सेवा अब बंद हो चुकी है।
वर्तमान में लोगों को आवाजाही के लिए ऑटो और ई-रिक्शा पर निर्भर रहना पड़ रहा है, जहां मनमाना किराया वसूला जा रहा है। आरोप है कि 100 मीटर से लेकर 7 किलोमीटर तक न्यूनतम 20 रुपए और टाउन से कलेक्ट्रेट तक लगभग 40 रुपए प्रति व्यक्ति किराया लिया जा रहा है। इससे आमजन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि रोजाना हजारों लोग इन दोनों क्षेत्रों के बीच आवाजाही करते हैं, जिससे उनके समय और धन दोनों की हानि हो रही है। साथ ही, ऑटो और ई-रिक्शा की अधिकता के कारण सड़कों पर भीड़भाड़ और यातायात अव्यवस्था भी बढ़ रही है।
पार्टी ने मांग की है कि सिटी बस सेवा को जल्द से जल्द फिर से शुरू किया जाए। इसके लिए निजी बसों के साथ-साथ रोडवेज बसों को भी शामिल करने का सुझाव दिया गया है ताकि लोगों को सस्ती और सुलभ यातायात सुविधा मिल सके।
इस दौरान राजवीर माली, लीलाधर भाट, गुलशन सोनी, जयपाल स्वामी, सुभाष पारीक, करनैल सिंह, गुरबख्श सिंह, सतपाल सोनी, ललित कुमार, मुकेश सेवटा, मदन रैगर, सूरज चौधरी और मांगीलाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
