
हनुमानगढ़। जिला सैनी समाज समिति द्वारा समाज सुधारक ज्योतिराव फुले की 200वीं जयंती बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन समिति अध्यक्ष शिव शंकर खड़गावत के नेतृत्व में किया गया, जिसमें समाज के गणमान्य लोग, महिलाएं एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी ने ज्योतिबा फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष शिव शंकर खड़गावत ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने समाज में फैली कुरीतियों, भेदभाव और अज्ञानता के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने शिक्षा को समाज के विकास का मूल आधार बताया और विशेष रूप से महिलाओं तथा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए। ओमप्रकाश सैनी ने कहा कि आज के समय में उनके विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं, जिन्हें अपनाकर समाज को एक नई दिशा दी जा सकती है।
सचिव ओमप्रकाश सैनी कहा कि हमें फुले जी के जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के मूल्यों को आगे बढ़ाना चाहिए। समाज के युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे न केवल अपने विकास पर ध्यान दें बल्कि समाज के कमजोर वर्गों की सहायता के लिए भी आगे आएं।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महात्मा फुले का जीवन संघर्ष, समर्पण और सेवा का प्रतीक है। उन्होंने समाज में समानता की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया, जो आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस दौरान समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया गया तथा बच्चों और युवाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। अंत में सभी ने एकजुट होकर समाज में भाईचारे और सद्भाव को बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस मौके पर दुर्गादत्त सैनी, भारतेंदु सैनी, प्रकाश तंवर, दुर्गादत्त तंवर, देवीलाल पंवार, हेतराम सैनी, शिवचंद सैनी, रामचंद्र भाटी, श्रवण कुमार, राजकुमार, राजेश्वर, बनवारीलाल, शंकर लाल, रामचंद्र सैनी, महेंद्र सैनी, ओमप्रकाश सैनी व अन्य समाज के लोग मौजूद थे।
