
हनुमानगढ़। श्री गौशाला समिति हनुमानगढ़ टाउन द्वारा संचालित श्री कल्याण भूमि स्थित चिता स्थल पर एक सराहनीय सेवा कार्य संपन्न हुआ। अंतिम संस्कार के दौरान अग्नि को पर्याप्त एवं तेज हवा देने के उद्देश्य से एक उच्च गुणवत्ता वाला पंखा समिति को समर्पित किया गया। यह पंखा राजकुमार (राजू) सुखीजा एवं उनके पूज्य पिता हंसराज सुखीजा द्वारा श्री गौशाला समिति हनुमानगढ़ टाउन के कोषाध्यक्ष अशोक कुमार खुराना को औपचारिक रूप से भेंट किया गया। इस अवसर पर उपस्थित समिति पदाधिकारियों एवं सेवाभावी नागरिकों ने इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना की। इस मौके पर श्री अरोड़वंश सभा के सचिव सतीश कुमार छाबड़ा ने बताया चिता स्थल पर अंतिम संस्कार के समय कई बार तेज हवा की आवश्यकता होती है, ताकि अग्नि सुचारु रूप से प्रज्वलित रहे और प्रक्रिया में किसी प्रकार की व असुविधा न हो। इस पंखे के समर्पण से न केवल व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि शोकाकुल परिवारों को भी मानसिक शांति मिलेगी कि व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हैं। कोषाध्यक्ष अशोक कुमार खुराना ने राजकुमार सुखीजा एवं हंसराज सुखीजा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के प्रति इस प्रकार की संवेदनशीलता और सेवा भाव ही मानवता की सच्ची पहचान है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे सहयोग से समिति के सेवा कार्यों को नई ऊर्जा मिलती है और अन्य लोग भी प्रेरित होते हैं। राजकुमार (राजू) सुखीजा ने इस अवसर पर कहा कि मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है और जरूरत के समय छोटे-छोटे सहयोग भी बड़ा महत्व रखते हैं। कार्यक्रम का समापन समाज हित में निरंतर सहयोग की भावना के संकल्प के साथ हुआ।
